मध्‍यप्रदेश

80 हजार रूपए के इनामी कुख्यात बदमाश कल्ली गुर्जर मुरैना पुलिस से मुठभेड़ में घायल, साथी सहित गिरफ्तार

बानमोर क्षेत्र के जंगलों में करीब 3 घंटे चला पुलिस का ऑपरेशन
आरोपी के कब्जे से अवैध पिस्टल, रायफल और 49 कारतूस जब्त
आरोपी के विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, फायरिंग सहित 20 आपराधिक प्रकरण दर्ज, 9 मामलों में चल रहा था फरार

भोपाल
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के मार्गदर्शन में प्रदेश में संगठित अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त फरार और इनामी बदमाशों के विरुद्ध मध्यप्रदेश पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में मुरैना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 80 हजार रूपए के इनामी कुख्यात बदमाश कल्ली उर्फ किलेदार गुर्जर को पुलिस मुठभेड़ के बाद उसके साथी अजय गुर्जर सहित गिरफ्तार किया है। थाना बानमोर क्षेत्रांतर्गत ललितापुरा पहाड़ी गांव के समीप जंगलों में हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में कल्ली गुर्जर के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी भी घायल हुआ। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

पुलिस महानिरीक्षक चंबल जोन श्री सचिन कुमार अतुलकर एवं पुलिस उप महानिरीक्षक चंबल रेंज मुरैना श्री सुनील कुमार जैन के निर्देशानुसार जिले में फरार इनामी बदमाशों एवं आदतन अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक मुरैना श्री धर्मराज मीना के निर्देशन में कुख्यात बदमाश कल्ली उर्फ किलेदार गुर्जर की गिरफ्तारी के लिए विशेष रणनीति तैयार कर पुलिस टीमों का गठन किया गया था।

टीम को 05 नवंबर को सूचना मिली कि इनामी बदमाश कल्ली गुर्जर अपने साथी के साथ थाना बानमोर क्षेत्र के ललितापुरा पहाड़ी गांव के समीप जंगल में मौजूद है। पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी किए जाने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। करीब तीन घंटे तक चले ऑपरेशन के दौरान कल्ली गुर्जर के पैर में गोली लगी तथा उसका साथी अजय गुर्जर भी घायल हो गया। दोनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने कल्ली गुर्जर के कब्जे से एक अवैध देशी 32 बोर पिस्टल, एक 306 बोर रायफल एवं 49 जिंदा कारतूस जब्त किए हैं। वहीं, उसके साथी अजय गुर्जर के कब्जे से एक 12 बोर रायफल एवं 12 जिंदा कारतूस जब्त किए हैं। इस प्रकार दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल तीन अवैध हथियार एवं 61 जिंदा कारतूस जब्त किए गए हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कल्ली उर्फ किलेदार गुर्जर एक आदतन एवं सक्रिय अपराधी है। उसके विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, फायरिंग, अड़ीबाजी, मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा एवं अवैध शराब तस्करी सहित कुल 20 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें से 9 प्रकरणों में वह फरार चल रहा था। विभिन्न आपराधिक मामलों में उसकी गिरफ्तारी पर 80 हजार रूपए का इनाम घोषित था। आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में विस्तृत विवेचना जारी है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button